चमोली जिले के देवाल-वाण मोटरमार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब एक ईको वैन अनियंत्रित होकर लगभग 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार प्रातः करीब 5:50 बजे चौकी प्रभारी देवाल को ग्राम ल्वाणी के जंगल क्षेत्र में वाहन दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष थराली पुलिस बल के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। साथ ही उपजिलाधिकारी थराली को घटना की सूचना देने के बाद राहत एवं बचाव कार्य के लिए DDRF टीम को भी मौके पर भेजा गया
प्रारंभिक जांच में पता चला कि ग्राम बाँक, लोहाजंग निवासी बलबीर सिंह अपने पारिवारिक सदस्य स्वर्गीय भजन सिंह के निधन के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए देहरादून से गांव लौट रहे थे। मृतक भजन सिंह का उपचार के दौरान देहरादून में निधन हो गया था और उनका पार्थिव शरीर निजी एम्बुलेंस से गांव लाया जा रहा था। वहीं परिजन ईको वैन संख्या UK07D-2979 से पीछे-पीछे गांव लौट रहे थे।
वाहन में कुल छह लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार चालक को संभवतः नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में इन तीन लोगों की हुई मौत हो गयी है ।
मृतक
1 – बलबीर सिंह (52 वर्ष) पुत्र स्व. नारायण सिंह, निवासी ग्राम बाँक, लोहाजंग
2 – शांति देवी (48 वर्ष) पत्नी स्व. बलबीर सिंह
3 – आंशु बिष्ट (18 वर्ष) पुत्र बलबीर सिंह
घायल
1 – कविता देवी (32 वर्ष) पत्नी खुशाल सिंह
2 – मयंक सिंह (08 वर्ष) पुत्र खुशाल सिंह
3 – रोशनी (18 वर्ष) पुत्री लक्ष्मण सिंह
घायलों को स्थानीय लोगों, पुलिस और DDRF की मदद से खाई से निकालकर एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस, DDRF और स्थानीय प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद पूरे बाँक गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
