“पौड़ी में बड़ा हादसा टला: सतपाल महाराज के काफिले की गाड़ी पर पहाड़ी से गिरा पत्थर, शीशा टूटा”

ब्रेकिंग न्यूज | पौड़ी में मंत्री सतपाल महाराज के काफिले की गाड़ी पर गिरा पहाड़ी से पत्थर, बड़ा हादसा टला

कोटद्वार/पौड़ी। पौड़ी जनपद में राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दुगड्डा और कोटद्वार के बीच लोक निर्माण विभाग मंत्री के काफिले में शामिल वाहन पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिर गया। हादसे में वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि गाड़ी में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार मंत्री सतपाल महाराज अपने काफिले के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-534 से गुजर रहे थे। इसी दौरान दुगड्डा-कोटद्वार मार्ग पर पहाड़ी से अचानक एक बड़ा पत्थर नीचे आ गिरा, जो मंत्री के वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का शीशा टूट गया और मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

बताया जा रहा है कि वाहन में मंत्री सतपाल महाराज के साथ पूर्व मंत्री अमृता रावत भी थी। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को कोई चोट नहीं आई और सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।

घटना के बाद काफिले को कुछ समय के लिए रोका गया तथा स्थिति का जायजा लिया गया। स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को भी मामले की सूचना दी गई। हादसे के बाद मार्ग पर यात्रा कर रहे लोगों में भी कुछ देर के लिए दहशत का माहौल देखने को मिला।

गौरतलब है कि बरसात के मौसम और लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में पत्थर गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-534 का दुगड्डा-कोटद्वार क्षेत्र भी संवेदनशील माना जाता है, जहां अक्सर पहाड़ियों से मलबा और पत्थर सड़क पर आने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

फिलहाल इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन यह हादसा पहाड़ी मार्गों पर यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सतर्कता और सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं की आवश्यकता को एक बार फिर उजागर करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *