कर्णप्रयाग : दीपावली की खुशियों के बीच बुझ गया घर का इकलौता चिराग, चट्टान से गिरे 24 वर्षीय अनुज ने श्रीनगर अस्पताल में तोड़ा दम, एसडीआरएफ और पुलिस ने खड़ी चट्टान से किया था अनुज को रेस्क्यू

 

कर्णप्रयाग। दीपावली की खुशियों के बीच चमोली जनपद के बणसोली गांव में एक ऐसी दर्दनाक घटना घटी जिसने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। गांव के 24 वर्षीय युवक अनुज नेगी की चट्टान से गिरकर गंभीर रूप से घायल होने के बाद श्रीनगर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। अनुज की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि अनुज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। घर का इकलौता चिराग बुझने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

वण सोली गांव के सामाजिक कार्यकर्ता महिपाल नेगी ने बताया कि दीपावली की बीती देर शाम अनुज नेगी पुत्र पान सिंह नेगी, निवासी ग्राम बणसोली, तहसील कर्णप्रयाग, गांव के पैदल मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर खड़ी चट्टान से नीचे जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि युवक पैदल रास्ते से करीब 200 मीटर नीचे चट्टान पर जाकर अटक गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दुर्गम पहाड़ी रास्ते और खड़ी चट्टान के चलते रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया। इसके बावजूद SDRF और पुलिस के जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर रस्सियों के सहारे देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद चट्टान पर फंसे युवक को बाहर निकाला।

रेस्क्यू के बाद गंभीर रूप से घायल अनुज को उपचार के लिए पहले कर्णप्रयाग अस्पताल ले जाया गया लेकिन अनुज की स्थिति गम्भीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर किया । जिसके बाद अनुज को श्रीनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही बणसोली गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

कर्णप्रयाग तहशील के बणसोली गांव के लिए बीते 10 दिन बेहद दुखद साबित हुए हैं। गौरतलब है कि बीती 29 अक्टूबर को करवा चौथ के दिन कर्णप्रयाग-नैनीसैंण मोटर मार्ग पर हुए सड़क हादसे में भी इसी गांव के एक व्यक्ति की जान चली गई थी। अब दीपावली के दिन पैदल मार्ग पर हुए इस दर्दनाक हादसे में एक और ग्रामीण की मौत ने गांववासियों को झकझोर कर रख दिया है। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता और भय का माहौल है ।

हालांकि तमाम प्रयासों के बावजूद अनुज की जान नहीं बचाई जा सकी, लेकिन दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में खड़ी चट्टान पर रस्सियों के सहारे देर रात तक चलाए गए साहसिक रेस्क्यू अभियान की हर कोई सराहना कर रहा है। SDRF और पुलिस के जवानों ने विषम परिस्थितियों में जिस साहस और समर्पण के साथ अभियान चलाया, वह काबिल-ए-तारीफ है।

फिलहाल अनुज की असमय मौत ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं। दीपावली के उल्लास के बीच बणसोली गांव में पसरा मातम हर किसी की आंखें नम कर रहा है।

मृतक का विवरण: अनुज नेगी, पुत्र पान सिंह नेगी, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम बणसोली, तहसील कर्णप्रयाग, जनपद चमोली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *