गौचर : देश की आजादी से पूर्व वस्तु विनिमय की परंपरा से शुरू हुआ ऐतिहासिक गौचर मेला आज उत्तराखंड की सांस्कृतिक, औद्योगिक और व्यापारिक पहचान बन चुका है। अपनी विशिष्ट परंपराओं और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध गौचर मेले में इन दिनों रौनक देखते ही बन रही है। गौचर के विशाल मेला मैदान में 14 नवंबर से शुरू हुआ 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला इन दिनों पूरे शबाब पर है। मेले में जहां विभिन्न विभागों की ओर से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, वहीं स्थानीय उत्पादों, उद्योगों, कृषि और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में सोमवार को मेले के तीसरे दिन मेला पंडाल में कृषि विभाग एवं जिला उद्योग विकास केंद्र, चमोली के संयुक्त तत्वावधान में औद्योगिक विकास गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में दुग्ध संघ चमोली के प्रशासक धन सिंह नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर विभागीय अधिकारियों ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि धन सिंह नेगी ने कहा कि कृषि और उद्योग किसी भी क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में कृषि, पशुपालन और स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी जा सकती है। इसके लिए किसानों और युवाओं को सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।
उन्होंने कृषि क्षेत्र में सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने तथा सरकारी योजनाओं के माध्यम से अपनी आर्थिकी मजबूत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप नए कृषि विकल्पों की ओर भी ध्यान देना चाहिए, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।
वहीं औद्योगिक विकास के विषय पर चर्चा करते हुए धन सिंह नेगी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उद्यमियों को मजबूत बनाना और युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। पहाड़ी क्षेत्रों में छोटे एवं लघु उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं। स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराकर तथा युवाओं को उद्योग स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित कर क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि गौचर मेला केवल सांस्कृतिक और व्यापारिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय किसानों, कारीगरों, व्यापारियों और उद्यमियों को अपनी प्रतिभा एवं उत्पादों को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच भी है। इस तरह के आयोजनों से सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचती है और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है।
गोष्ठी के माध्यम से कृषि एवं औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। साथ ही किसानों, युवाओं और स्थानीय उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
ऐतिहासिक गौचर मेले में आयोजित इस तरह की गोष्ठियां क्षेत्र के आर्थिक और औद्योगिक विकास के साथ-साथ ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं।
