चमोली
श्री हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर हुई भारी बर्फबारी ने श्रद्धालुओं की मुश्किलें बढ़ा दीं। लगातार गिरती बर्फ के चलते पूरा पैदल मार्ग सफेद चादर में ढक गया, जबकि कई स्थानों पर रास्ता अत्यधिक फिसलन भरा और जोखिमपूर्ण हो गया। ऐसे हालात में यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं में भय का माहौल बन गया। मामले की सूचना मिलते ही घांघरिया चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह ने तत्काल मोर्चा संभाला। उन्होंने अपनी पुलिस टीम के साथ खराब मौसम और लगातार हो रही बर्फबारी के बीच यात्रा मार्ग पर पहुंचकर राहत एवं मदद शुरू की। चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह केवल निगरानी तक सीमित नहीं रहे, बल्कि स्वयं श्रद्धालुओं के बीच उतरकर उनका हाथ थामते नजर आए। फिसलन भरे और खतरनाक मोड़ों पर उन्होंने श्रद्धालुओं को सहारा देकर सुरक्षित रास्ता पार कराया। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीम ने ड्यूटी के साथ मानवता का फर्ज भी निभाया ।
मार्ग पर जमी भारी बर्फ से श्रद्धालु डर के कारण आगे बढ़ने से हिचक रहे थे, लेकिन चमोली पुलिस टीम ने उनका मनोबल बढ़ाया और कदम-कदम पर साथ चलते हुए सुरक्षित रास्ता पार कराया । कड़ाके की ठंड और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद चमोली पुलिस घंटों तक यात्रा मार्ग पर तैनात रही।
श्रद्धालुओं ने चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह और उनकी टीम के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि कठिन समय में चमोली पुलिस ने सिर्फ ड्यूटी नहीं निभाई, बल्कि एक संरक्षक की भूमिका निभाते हुए यात्रियों को सुरक्षित मंजिल तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने कहा, विपरीत मौसम में पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता ने प्रशासन के प्रति भरोसा और मजबूत कर दिया है।
