देवप्रयाग में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जब एक इनोवा वाहन अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी, घटना की सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग द्वारा तत्काल SDRF (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) को अवगत कराया गया।
सूचना प्राप्त होते ही SDRF पोस्ट ब्यासी से उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए SDRF के सेनानायक श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर श्रीनगर और ढालवाला स्थित फ्लड रेस्क्यू टीमें भी मौके के लिए भेजी गईं।
वर्तमान में SDRF की ब्यासी, श्रीनगर और ढालवाला की टीमें स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त रूप से सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चला रही हैं।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार वाहन में सवार लोग राजस्थान राज्य के निवासी बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू टीमों ने तत्परता दिखाते हुए एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार हेतु अस्पताल भेज दिया है।
सर्च अभियान के दौरान अब तक दो व्यक्तियों के शव बरामद किए जा चुके हैं। अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए नदी के किनारों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान जारी है।
प्रशासन द्वारा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं, वाहन में सवार यात्रियों की सही संख्या तथा पहचान की पुष्टि की जा रही है। SDRF और पुलिस का रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है और स्थिति पर नजर बनाए रखी गई है।
