तोताघाटी के पास सड़क पर पलटी यात्रियों से भरी बस, SDRF ने शुरू किया राहत बचाव कार्य

टिहरी । चारधाम यात्रा मार्ग पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, बद्रीनाथ से ऋषिकेश की ओर जा रही यात्रियों से भरी एक बस तोताघाटी के समीप दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के समय बस में 39 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि सभी अन्य यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज सुबह लगभग 8:30 बजे जिला नियंत्रण कक्ष (DCR) टिहरी के माध्यम से सूचना मिली कि तोताघाटी क्षेत्र में एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही निरीक्षक कवीन्द्र सजवान के नेतृत्व में SDRF पोस्ट ढालवाला एवं ब्यासी की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुंची SDRF टीम ने पाया कि बद्रीनाथ से ऋषिकेश की ओर आ रही चारधाम यात्रा बस संख्या UK04 PA 0418 सड़क पर पलटी हुई थी। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण बस के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।

हादसे में 3 से 4 यात्रियों को सामान्य चोटें आईं, जिन्हें तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार के लिए ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं।

SDRF टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय प्रशासन तथा अन्य आपातकालीन एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए राहत एवं सहायता कार्य संचालित किए। समय पर बचाव एवं राहत कार्य शुरू होने से स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और किसी बड़ी जनहानि से बचाव हो सका।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *