रुद्रप्रयाग में सड़क हादसा : 60 मीटर गहरी खाई में गिरी SUV, SDRF ने 5 घायलों को सुरक्षित निकाला

रुद्रप्रयाग।  रुद्रप्रयाग जनपद में शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया जब तिलवाड़ा पेट्रोल पंप के समीप एक SUV अनियंत्रित होकर करीब 50 से 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें SDRF, जिला पुलिस और स्थानीय लोगों की संयुक्त टीम ने साहसिक रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज प्रातः 5:10  बजे जिला नियंत्रण कक्ष (DCR) रुद्रप्रयाग से SDRF को सूचना मिली कि तिलवाड़ा क्षेत्र में एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही सेनानायक SDRF श्री अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर SDRF पोस्ट अगस्त्यमुनि की टीम उप निरीक्षक धर्मेंद्र पवार के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वाहन संख्या UP16-DK0856 (SUV 700) सड़क से नीचे नदी किनारे जा गिरा था। वाहन में दो महिलाएं और तीन पुरुष सवार थे, जो दुर्घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में खाई में फंसे हुए थे।

विषम भू-भाग और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद SDRF टीम ने जिला पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू कर्मियों ने गहरी खाई में उतरकर एक-एक घायल तक पहुंच बनाई और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। SDRF की त्वरित कार्रवाई और समन्वित प्रयासों के चलते सभी घायलों को समय रहते चिकित्सीय सहायता मिल सकी।

हादसे में घायल लोगों की पहचान प्रिंस सिंह (30 वर्ष), सभीमा सिंह (28 वर्ष), सुजोन मुखर्जी (27 वर्ष), ऋजा मुखर्जी (30 वर्ष) तथा वाहन चालक प्रदीप कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है।

SDRF उत्तराखंड ने एक बार फिर अपने ध्येय वाक्य “सेवा, सुरक्षा एवं मानवता” को सार्थक करते हुए यह साबित किया कि आपदा और विपत्ति की हर घड़ी में वह जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ तत्पर है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *