गौचर में युवक ने कमरे में फांसी लगाकर की खुदकुशी, मृतक युवक पोस्टऑफिस में था कार्यरत

चमोली जनपद के गौचर क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड संख्या 06 में किराये के कमरे में रहने वाले एक युवक ने कमरे के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिलने पर गौचर पुलिस चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से तोड़कर खोला गया। अंदर युवक पंखे से मफलर के सहारे लटका हुआ मिला।
युवक को तुरंत 108 एंबुलेंस के जरिए सरकारी अस्पताल गौचर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
मृतक की पहचान अंकित गुसांई (33 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र सिंह गुसांई, निवासी ग्राम खाल कुंज, पोखरी, जिला चमोली के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी के साथ गौचर में किराए के मकान में रहते थे और दोनों पोस्ट ऑफिस में कार्यरत थे।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की कार्यवाही गुरुवार को की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *