चमोली जनपद की निजमूला घाटी से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। देर रात हुई तेज गर्जना और खराब मौसम के बीच भनाली तोक क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्जन से अधिक भेड़पालकों की करीब 500 बकरियों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि देर रात अचानक मौसम खराब हो गया था। इसी दौरान निजमूला घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्र भनाली तोक में आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में बड़ी संख्या में बकरियां आ गईं। प्रारंभिक सूचना के अनुसार हादसे में करीब 500 बकरियों की मौत हुई है।
बताया जा रहा है कि प्रभावित भेड़पालक गर्मियों के मौसम में अपने पशुओं को चराने के लिए ऊपरी क्षेत्रों की ओर गए हुए थे। रात के समय अचानक हुई इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी वर्षों की मेहनत पर पानी फेर दिया। पशुधन ही इन परिवारों की आजीविका का मुख्य साधन है, ऐसे में इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और राजस्व विभाग व आपदा प्रबंधन की टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही प्रभावित पशुपालकों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से मौसम लगातार खराब बना हुआ है और ऊंचाई वाले इलाकों में तेज गर्जना के साथ बारिश हो रही है। इस हादसे के बाद पशुपालकों में भय का माहौल है।
प्रशासन ने पर्वतीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तथा पशुपालकों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
चमोली में दर्दनाक हादसा: आकाशीय बिजली गिरने से 500 से अधिक बकरियों की मौत, कई भेड़पालकों को भारी नुकसान
