चमोली
विकासखंड नारायणबगड़ के परखाल क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मृत्युंजय महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य का विधिवत शिलान्यास आज थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने किया । इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत लगभग 99 लाख 95 हजार रुपये की लागत से मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य किए जाएंगे।

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने इस पहल को धार्मिक आस्था और क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उम्मीद जताई कि मंदिर के विकसित होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के विकास और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मृत्युंजय महादेव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसके सौंदर्यीकरण से यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण एवं सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल धार्मिक स्थलों का विकास करना ही नहीं, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन की संभावनाओं को भी मजबूत करना है। मंदिर परिसर में होने वाले विकास कार्यों से क्षेत्र की पहचान को नई मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नारायणबगड़ गणेश चन्दौला, जिला पंचायत सदस्य छेकूड़ा सूरी कनेरी, पूर्व प्रमुख यशपाल सिंह, कनिष्ठ प्रमुख भूपेंद्र मेहरा, मंदिर समिति के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह बुटोला, कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग कर्णप्रयाग के सहायक अभियंता शुभम डोभाल, कनिष्ठ अभियंता विपिन कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
