चमोली
कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गौचर नगर के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा। क्षेत्र में प्रस्तावित मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य का आज विधिवत भूमि पूजन हो गया है। यह परियोजना न केवल क्षेत्र के खेल ढांचे को मजबूत करेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल जगत में नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का अवसर भी प्रदान करेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि गौचर में मिनी स्टेडियम का निर्माण क्षेत्र के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का सशक्त मंच मिलेगा।
विधायक अनिल नौटियाल ने कहा कि उत्तराखण्ड सरकार के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सुशासन और युवा सशक्तिकरण के नए आयाम स्थापित कर रही है। खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए राज्य सरकार लगातार महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रही है।
उन्होंने विशेष रूप से प्रदेश की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती रेखा आर्या के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी संवेदनशील पहल और निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप गौचर क्षेत्र को यह महत्वपूर्ण सौगात प्राप्त हो रही है। मिनी स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई मजबूती मिलेगी और आने वाले वर्षों में यहां से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
कार्यक्रम के दौरान बीजेपी के जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री श्रीमती रेखा आर्या के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला साबित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि मिनी स्टेडियम के निर्माण से गौचर और आसपास के क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री गजपाल बर्त्वाल, भाजपा महिला मौर्चा जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष सन्दीप नेगी, व्यापार संघ अध्यक्ष राकेश लिंगवाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी द्विवेदी सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न वार्डों के सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे
