नींद की झपकी बनी हादसे की वजह, पोखरी में 20 मीटर नीचे गिरी अर्टिगा; चालक बाल-बाल बचा

चमोली जनपद के विकासखंड पोखरी अंतर्गत आली-गुगली मोटरमार्ग पर शनिवार शाम एक सड़क हादसा हो गया। वाहन संख्या HR55AT 6156 (अर्टिगा) अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे जा गिरा। राहत की बात यह रही कि हादसे में चालक सुरक्षित बच गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश बर्त्वाल (34 वर्ष), निवासी वीणा मल्ला, शनिवार सुबह दिल्ली से रुद्रप्रयाग और पोखरी के लिए सवारी लेकर निकले थे। सवारियों को छोड़ने के बाद वह दोपहर में अपने घर वापस लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि गुगली कस्बे से लगभग 200 मीटर आगे पापड़ी नाले के पास चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा।
स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। गनीमत रही कि वाहन चालक को इस दुर्घटना में कोई चोट नहीं आई। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *