स्कूल गए दो बच्चे हुए थे लापता, थराली पुलिस ने हरिद्वार से सकुशल किया बरामद

चमोली जिले की थराली पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए पिछले 23 अप्रैल से लापता चल रहे दो नाबालिग बच्चों को हरिद्वार से सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने बच्चों को सुरक्षित देखकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार जताया।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना थराली क्षेत्र के चौण्डा गांव निवासी दो नाबालिग बच्चे 23 अप्रैल को घर से स्कूल के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो चिंतित परिजनों ने थाना थराली पहुंचकर बच्चों की गुमशुदगी दर्ज कराई और पुलिस से खोजबीन की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग के निर्देशन में थाना थराली पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से “मिशन स्माइल” अभियान चलाकर बच्चों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने थराली, ग्वालदम, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और देहरादून सहित विभिन्न स्थानों पर करीब 150 होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों में बच्चों की खोजबीन की। साथ ही थराली से हरिद्वार तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। लगातार प्रयासों और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों बच्चों को हरिद्वार से सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि आवश्यक पूछताछ एवं कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को आज उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों के साथ लगातार संवाद बनाए रखें और किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत डायल 112 या नजदीकी थाने से संपर्क करें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *