कर्णप्रयाग
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज अलकनन्दा भूमि संरक्षण गोपेश्वर की आटागाड़ रेंज, द्वारा कर्णप्रयाग में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका सभाषद सम्पूर्णानंद डिमरी मौजूद रहे। इस दौरान रेंज कार्यालय परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने पौधरोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वन क्षेत्राधिकारी रविन्द्र कुमार निराला ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। पेड़-पौधे न केवल पर्यावरण को संतुलित बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि मानव जीवन, वन्यजीवों और जैव विविधता के संरक्षण में भी अहम योगदान देते हैं।
मुख्य अतिथि सम्पूर्णानंद डिमरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
वन बीट अधिकारी सचिन सिलोड़ी ने सभी लोगों से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और वृक्षारोपण अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्रवासियों को प्रकृति संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर डिप्टी रेंजर भीम लाल कोहली, वन दरोगा दिनेश रोधियाल, वन आरक्षी सोवेंद्र पंवार, वन आरक्षी अरमान कोहली, वन आरक्षी मोहन सिंह बिष्ट, वन आरक्षी भागीरथी बर्तवाल, वाहन चालक मनोज कुमार आदि मौजूद थे।
