चमोली : बद्रीनाथ हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा: पहाड़ी से गिरे बोल्डर की चपेट में आयी यात्री बस, दिल्ली की महिला श्रद्धालु की मौत, दो अन्य घायल

चमोली
बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। पीपलकोटी के समीप भनेरपानी में बद्रीनाथ धाम की ओर जा रही एक यात्री बस अचानक पहाड़ी से गिरे बड़े बोल्डर की चपेट में आ गयी। जिससे वहां मौजूद लोगों में चीख पुकार और अफरा तफरी मच गयी । घटना में बस में सवार तीन लोग घायल हो गए, सूचना पर कोतवाल राकेश भट्ट पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया । तीनो घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया , जहां
एक महिला श्रद्धालु की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रद्धालुओ में से एक को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी और एक अन्य घायल का उपचार चल रहा है।

कोतवाल राकेश भट्ट ने बताया कि शाम को हुई तेज बारिश से भनेरपानी में पहाड़ी से मौत बनकर आया विशाल बोल्डर बस पर गिर पड़ा जिससे बस में सवार 26 वर्षीय रेनू किरोड़ीवाल (पुत्री दीवान चंद्र, निवासी नवादा गली नंबर-13, मटियाल एक्सटेंशन, उत्तम नगर, दिल्ली घायल हो गयी दिल्ली) को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद परिवार और अन्य श्रद्धालुओं में शोक की लहर है।

हादसे में अन्य घायल पप्पू मिश्रा निवासी कानपुर, उत्तर प्रदेश गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय गोपेश्वर रेफर किया गया है। दूसरी घायल तन्नू छेत्री निवासी सेक्टर-3, लक्ष्मण विहार, गुरुग्राम को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

बताया जा रहा है कि भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका के बीच पहाड़ी से अचानक बोल्डर हाईवे पर आ गिरा, जिसकी चपेट में बस आ गई। बोल्डर गिरने के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग भी बाधित हो गया है।

स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने एहतियातन यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी है। प्रशासन की ओर से मार्ग को सुचारु करने के प्रयास जारी हैं, जबकि क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस और प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और मार्ग की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करने की अपील की है। फिलहाल पुलिस मार्ग पर फंसे वाहनों को निकाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *