बद्रीनाथ
देश के प्रमुख उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने सोमवार को भगवान बदरीविशाल और बाबा केदारनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मुकेश अंबानी सोमवार प्रातः सबसे पहले श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। इसके बाद पूर्वाह्न में वे श्री केदारनाथ धाम पहुंचे और बाबा केदारनाथ के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की।
इस दौरान श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और प्रसाद भेंट किया। दर्शन के उपरांत मुकेश अंबानी ने मंदिर समिति को कुल 10 करोड़ रुपये की धनराशि दान स्वरूप प्रदान की। उन्होंने बदरीनाथ धाम की व्यवस्थाओं के लिए 5 करोड़ रुपये तथा केदारनाथ धाम के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये के चेक मंदिर समिति को सौंपे।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मुकेश अंबानी के इस सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योगदान दोनों धामों में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में सहायक होगा।
बदरीनाथ धाम में इस अवसर पर बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, सदस्य धीरज मौनू पंचभैया, रजनीश भट्ट, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान, पूर्व सदस्य भास्कर डिमरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, प्रमोद नौटियाल, भूपेंद्र रावत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
वहीं केदारनाथ धाम में बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती, प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी डी.एस. भुजवाण, वरिष्ठ सहायक विपिन तिवारी, जेई विपिन कुमार, विवेक शुक्ला, दीपक पंवार, सूरज जमलोकी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने मुकेश अंबानी का स्वागत करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
