चमोली : गांव की पगडंडियों से सैन्य अफसर बनने तक लंगासू क्षेत्र के सारस्वत ध्यानी ने रचा सफलता का नया इतिहास

चमोली

कठिन परिस्थितियों, सीमित संसाधनों और गांव की पगडंडियों से शुरू हुआ सफर जब भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट के पद तक पहुंचा, तो यह केवल एक परिवार की नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की उपलब्धि बन गया। लंगासू क्षेत्र के जयकंडी ग्राम पंचायत के ग्वाड़ गांव निवासी सारस्वत ध्यानी ने अपनी अथक मेहनत, दृढ़ संकल्प और लगन के बल पर भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर अपने माता पिता , गुरुजनों व पूर्स क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
भारतीय सेना में अधिकारी बनने के बाद जब आज सारस्वत ध्यानी पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचे, तो क्षेत्रीय जनता ने उनका गर्मजोशी और उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया। 
इस अवसर पर उनके सम्मान में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद थे। समारोह के दौरान राज्य आंदोलनकारी शुशील ध्यानी ने सारस्वत ध्यानी की सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है।
भाजपा नेता टीका मैखुरी ने कहा  कि सारस्वत ध्यानी ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या संसाधनों की मोहताज नहीं होती। ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने जिस प्रकार भारतीय सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा का गौरव प्राप्त किया है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल है।
सारस्वत ध्यानी के पिता बीपी ध्यानी ने बेटे की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता सारस्वत की वर्षों की कठिन मेहनत, अनुशासन और गुरुजनों के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा, “हमें अपने बेटे की इस उपलब्धि पर गर्व है। उसकी लगन और समर्पण ने आज उसे इस मुकाम तक पहुंचाया है। यह हमारे परिवार ही नहीं, पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।”
वहीं, सारस्वत ध्यानी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों के सहयोग एवं प्रेरणा को दिया। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि कठिनाइयों से घबराने के बजाय अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए, क्योंकि निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं।
सारस्वत ध्यानी की इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है। उनकी सफलता आज उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस रखते हैं।
गांव की पगडंडियों से भारतीय सेना के अधिकारी बनने तक का यह सफर न केवल सारस्वत ध्यानी की मेहनत की कहानी है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण के बल पर कोई भी सपना हकीकत में बदला जा सकता है। इस अवसर पर रामेश्वर प्रसाद मनोडी, शारधुल ध्यानी, कैलाश खण्डूडी, ताजबर नेगी, कैलाश खण्डूडी आदि मौजूद थे । 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *