चमोली: देवाल में गैस सिलेंडरों से कथित गैस चोरी का वीडियो वायरल, क्षेत्र में मचा हड़कंप

चमोली
 देवाल क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों से कथित रूप से गैस निकालने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ कर्मचारी गैस डिलीवरी के दौरान सिलेंडरों से नोजल के जरिये गैस निकालते दिखाई दिए , वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठने लगी है।

देवाल में गैस चोरी के मामले से स्थानीय लोगों को सिलेंडरों की हैंडलिंग को लेकर संदेह हुआ, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और पूरी घटना का वीडियो बना लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि सिलेंडरों से गैस निकाली जा रही थी। इसके बाद ग्रामीणों ने संबंधित गैस एजेंसी के मालिक को इसकी शिकायत कर दी। शिकायत के बाद मामला तेजी से फैल गया और वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह उपभोक्ताओं के साथ सीधा धोखा है। लोगों ने सवाल उठाया है कि यदि सिलेंडरों से गैस कम की जा रही है तो इसका सीधा आर्थिक नुकसान आम उपभोक्ताओं को उठाना पड़ सकता है। साथ ही यह सुरक्षा की दृष्टि से भी गंभीर मामला है।

मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं, गैस एजेंसी प्रबंधन की ओर से मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आ रही है।
फिलहाल प्रशासनिक जांच और आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला उपभोक्ता अधिकारों और सार्वजनिक विश्वास से जुड़ा एक गंभीर विषय बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *