चंपावत प्रकरण पर सियासत गरम, कर्णप्रयाग में भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन

चमोली

उत्तराखंड के चंपावत मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति लगातार गरमाती जा रही है। इसी क्रम में रविवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा चमोली की ओर से कर्णप्रयाग मुख्य बाजार में कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया गया। महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर उत्तराखंड सरकार को बदनाम करने और एक संवेदनशील मामले में राजनीतिक रोटियां सेंकने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विरोधी नारे लगाए और कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा और न्याय के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन कांग्रेस इस मामले को राजनीतिक रंग देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।

 बीजेपी महिला मोर्चा चमोली की जिलाध्यक्ष पवित्रा बिष्ट ने कहा कि कांग्रेस को एक बेटी से जुड़े संवेदनशील मामले में राजनीति करने के बजाय पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार उत्तराखंड की छवि खराब करने और भाजपा सरकार को बदनाम करने की साजिश कर रही है।


उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। लेकिन कांग्रेस इस पूरे प्रकरण को राजनीतिक मंच बनाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का काम कर रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की राजनीति को भलीभांति समझ चुकी है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। प्रदर्शन के दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दमयंती रतूड़ी, कांता रावत, सरोज हटवाल, सहित भाजपा की कई महिला कार्यकर्ता मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *