देहरादून : वन बीट अधिकारी संगठन ने लंबित मांगों को लेकर वन विभाग के उच्च अधिकारियों से की मुलाकात, विभिन्न मांगो पर की चर्चा

देहरादून
वन बीट अधिकारी संगठन उत्तराखंड के प्रतिनिधिमंडल ने संगठन की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर देहरादून स्थित ‘वन भवन’ में वन विभाग के उच्च अधिकारियों से मुलाकात की । वन बीट अधिकारी संगठन ने मुख्य वन संरक्षक कपिल लाल और मानव संसाधन विकास एवं कार्मिक प्रबंधन (HRD) के प्रमुख पी. के. पात्रो से भेंट कर अधिकारियों के समक्ष बीट कर्मियों की समस्याओं को प्रमुखता से रखा।

मुलाकात के दौरान वन बीट अधिकारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सचिन सिलोड़ी ने अधिकारियों के साथ वन बीट कर्मियों की प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा की। इनमें मुख्य रूप से:

* पदोन्नति (Promotion) की प्रक्रिया में तेजी लाना,
* एसीआर (ACR) पूर्ण कर समय पर एसीपी (ACP) का लाभ प्रदान करना,
* बीट अधिकारियों का स्थायीकरण (Permanent status), तथा
* वर्दी संशोधन (Uniform revision) जैसे संवेदनशील मुद्दे शामिल रहे।

वार्ता के दौरान एचआरडी पी0के0 पात्रों ने आश्वस्त किया कि शासन से जिन प्रस्तावों पर पूर्व में आपत्तियां आई थीं, उन्हें जल्द ही संशोधित कर पुनः शासन को प्रेषित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, हाल ही में स्थानांतरित हुए कार्मिकों को अवमुक्त किए जाने के संबंध में भी विस्तृत चर्चा हुई। इस पर एचआरडी पी0के0 पात्रों ने आश्वस्त किया कि संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए जाएंगे।

इस दौरान संगठन के प्रदेश महामंत्री अनिल चंद्र शाह एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अतुल भगत मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *