कर्णप्रयाग
गुरु पूर्णिमा का पावन अवसर शिष्यों द्वारा अपने गुरुदेव के प्रति अपार स्नेह, श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन होता है। चमोली जिले के कर्णप्रयाग में बद्रीनाथ हाईवे पर स्थित प्रसिद्ध उमा माहेश्वर आश्रम में गुरु पूर्णिमा का पर्व बड़े ही धूमधाम, भक्तिभाव और उत्साह के साथ मनाया गया।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उमा माहेश्वर आश्रम परिसर में श्रद्धा और सम्मान का अद्भुत संगम देखने को मिला। देश के अलग-अलग राज्यों और दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आश्रम में विशेष पूजा-अर्चना और भव्य हवन-यज्ञ में भाग लिया। इसके पश्चात भक्तों ने ब्रह्मलीन भोले जी महाराज की समाधि स्थल पर शीश नवाकर उनका आशीर्वाद लिया और उन्हें नमन किया। धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के बाद आश्रम में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आश्रम के महंत ऐश्वर्य नाथ जी महाराज ने बताया कि उमा माहेश्वर आश्रम में बीते 25 वर्षों से निरंतर गुरु पूर्णिमा का यह भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रतिवर्ष देश के कोने-कोने से भक्त यहाँ पहुंचकर अपने गुरुजनों को भेंट अर्पित करते हैं और उनके प्रति अपनी निष्ठा व सम्मान प्रकट करते हैं। इस अवसर पर पूज्य गुरु महाराज द्वारा भी उपस्थित शिष्यों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद, समृद्ध और मंगलमय जीवन की कामना की गई।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, महामंत्री अरुण मैठाणी, सभाषद सीमा देवी, सभाषद कमला रतूड़ी, मंडल अध्यक्ष ब्रिजेश बिष्ट, मंडल अध्यक्ष बिनय पुरोहित, सभाषद हेमा डिमरी, कृष्णा मित्तल, हरनाम लूथरा, दिनेश मित्तल आदि मौजूद थे।
