चमोली : आगामी चारधाम यात्रा के दृष्टिगत श्री बद्रीनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया गया है। यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व चमोली पुलिस ने धाम क्षेत्र को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा बहु-स्तरीय सुरक्षा प्लान लागू किया गया है। धाम के सभी प्रवेश मार्गों, प्रमुख स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। इसके अलावा, सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है तथा नियमित चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आतंकवादी निरोध दस्ता (एटीएस) को भी तैनात किया गया है। एटीएस की मौजूदगी के साथ ही संभावित खतरों पर नजर रखने और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को और बढ़ाया गया है।
चमोली पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
प्रशासन का कहना है कि यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी एजेंसियां समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बद्रीनाथ धाम में कड़ी सुरक्षा: बद्रीनाथ यात्रा से पहले धाम में एटीएस तैनात
