चमोली जनपद के गोपेश्वर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नाबालिग बालक सुबह घर से स्कूल जाने के लिए निकला, लेकिन काफी देर तक न तो विद्यालय पहुँचा और न ही वापस घर लौटा। बच्चे के अचानक लापता होने से परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली गोपेश्वर पुलिस को दी।

जानकारी के अनुसार, आज सुबह लगभग 06:45 बजे बालक अपने घर से प्राथमिक विद्यालय के लिए निकला था। काफी समय बीतने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोपेश्वर पुलिस तुरंत हरकत में आई और संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन अभियान शुरू किया गया।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों और जंगलों में भी तलाश अभियान चलाया। लगातार प्रयास और गहन खोजबीन के बाद पुलिस टीम ने बच्चे को जंगल क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया।
बताया गया कि बच्चा काफी घबराया हुआ था। पुलिस कर्मियों ने उसे प्यार और भरोसा देकर सामान्य किया। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बच्चे के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और गोपेश्वर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और कर्मठता के लिए आभार व्यक्त किया।
रेस्क्यू अभियान में शामिल पुलिस टीम:
व0उ0नि0 सुमित खुगशाल
अ0उ0नि0 विपिन त्यागी
हे0कां0 विवेक रावत
हे0कां0 जाती राम
