चमोली
हिंदुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र श्री बद्रीनाथ धाम की पवित्रता और धार्मिक गरिमा बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “ऑपरेशन प्रहार” लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने धाम क्षेत्र में प्रतिबंधित सामग्री पहुंचाने के एक प्रयास को विफल करते हुए एक व्यक्ति को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
कोतवाल विनोद थपलियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि माणा बाईपास रोड स्थित क्रेशर के पास नियमित चेकिंग अभियान के दौरान थाना बद्रीनाथ पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली। जांच में उसके कब्जे से 24 अद्धे और 2 क्वार्टर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पदम बहादुर पुत्र धन बहादुर निवासी कालीगोठ, नेपाल, हाल निवासी वेदा होटल के निकट, बद्रीनाथ के रूप में हुई है। आरोपी धाम क्षेत्र में शराब लेकर पहुंचा था।
पुलिस ने बताया कि बद्रीनाथ धाम क्षेत्र में मांस एवं मदिरा का प्रवेश, परिवहन, विक्रय और सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुछ लोग धार्मिक आस्थाओं और स्थानीय परंपराओं की अनदेखी कर धाम की मर्यादा भंग करने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में चमोली पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई कर रही है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
उपनिरीक्षक प्रकाश बिष्ट
अपर उपनिरीक्षक अंशुल सिंह
कांस्टेबल आदर्श रमोला
कांस्टेबल विकास राणा
चमोली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बद्रीनाथ धाम की धार्मिक गरिमा और पवित्रता को बनाए रखने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चेकिंग और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।
