चमोली
जनपद चमोली में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पीपलकोटी में एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार चालक ने पुलिस बैरियर तोड़ दिया। हालांकि पुलिस टीम की तत्परता से वाहन का पीछा कर उसे कुछ ही दूरी पर रोक लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी पीपलकोटी पुलिस देर रात बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार तेज गति से बैरियर की ओर आती दिखाई दी। पुलिस कर्मियों ने चालक को वाहन रोकने का स्पष्ट संकेत दिया, लेकिन चालक ने निर्देशों की अनदेखी करते हुए वाहन नहीं रोका और बैरियर तोड़कर ज्योतिर्मठ की ओर फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम सक्रिय हुई और वाहन का पीछा करते हुए आगे जाकर उसे रोक लिया। पूछताछ में चालक की पहचान हिमांशु कुमार पुत्र किशन लाल, निवासी ज्योतिर्मठ, जनपद चमोली के रूप में हुई।
जांच के दौरान चालक वाहन के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही उसके द्वारा सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही एवं खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की पुष्टि हुई, जिससे स्वयं के साथ-साथ अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
पुलिस ने चालक के विरुद्ध रैश ड्राइविंग और आवश्यक दस्तावेज न होने के संबंध में मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए वाहन को सीज कर दिया। वहीं वाहन में सवार उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम की धारा 81 के अंतर्गत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
