कर्णप्रयाग
बद्रीनाथ धाम यात्रा शुरू होने के बाद अब शनिवार 23 मई को श्री हेमकुण्ड साहिब के कपाट खुलने जा रहे हैं। ऐसे में यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे बद्रीनाथ हाईवे पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है। यात्रियों की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रही है। कर्णप्रयाग में कोतवाल विनोद थपलियाल खुद सड़क पर उतरकर मोर्चा संभाले हुए हैं। वह सुबह से लेकर देर शाम तक लगातार यातायात व्यवस्था का जायजा लेते हुए वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित कर रहे हैं। सुगम और सुरक्षित यातायात ब्यवसथा को बनाने के लिए पुलिस ने कर्णप्रयाग में पोखरी पुल से उमा माहेश्वर आश्रम तक वन वे सिस्टम लागू किया है ।
इस वर्ष शनिवार 23 मई को हेमकुण्ड साहिब के कपाट खुलने के अवसर पर भारी संख्या में लोग यात्रा पर देवभूमि पहुच रहे है । यात्रा पर आये श्रद्धालुओं में भी यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। अमृतसर से लगातार 28 वीं बार हेमकुण्ड साहिब की यात्रा पर चमोली पहुचे सिक्ख श्रद्धालु रणजीत सिंह, और सन्दीप सिंह ने कहा कि प्रतिवर्ष हम हेमकुण्ड साहिब की यात्रा पर आते है यहां आकर हम खुद को धन्य महसूस करते है ।
शनिवार को श्री हेमकुण्ड साहिब के कपाट खुलने के अवसर पर आज सैकड़ो की संख्या में सिक्ख श्रद्धालु यात्रा पर जा रहे है जिससे हाइवे पर यातायात भी बढ़ता जा रहा है । बढ़ते यातायात को देखते हुए कोतवाल विनोद थपलियाल ने बताया कि बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कमेडा से लेकर सोनला तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है। इसके लिए पूरे मार्ग को सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर
1 टीआई (ट्रैफिक इंचार्ज)
4 सेक्टर ऑफिसर
1 इंस्पेक्टर
4 दरोगा
30 पुलिस जवान, पीआरडी एवं होमगार्ड्स
की तैनाती की गई है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो सके।
पुलिस प्रशासन लगातार यात्रियों से भी सहयोग की अपील कर रहा है और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दे रहा है, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।
