चमोली
नंदानगर। क्षेत्र के लोगो को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में लोक निर्माण विभाग (PWD) कर्णप्रयाग के द्वारा नंदानगर में बैंड बाजार से क्रूड पुल तक इंटरलॉकिंग टाइल बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। यह महत्वपूर्ण विकास कार्य 94.78 लाख रुपये (94 लाख 78 हजार रुपये) की लागत से कराया जा रहा है। निर्माण कार्य का जिम्मा कॉन्टेक्टर हरेन्द्र सिंह को सौंपा गया है।
बताया जा रहा है कि यह मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में होने के कारण यातायात के साथ साथ स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण पैदल चलने वाले, स्कूली छात्र-छात्राओं तथा वाहन चालकों को विशेष परेशानी होती थी। इंटरलॉकिंग टाइल बिछने के बाद सड़क अधिक मजबूत, टिकाऊ और सुगम होगी, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस सड़क के निर्माण से बैंड बाजार, आसपास के मोहल्लों और क्रूड पुल तक आने-जाने वाले हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी और यातायात पहले की तुलना में अधिक सुचारु हो सकेगा।
लोक निर्माण विभाग कर्णप्रयाग के अधिशाषी अभियंता अनूप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जा रहा है। कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द नई सड़क सुविधा का लाभ मिल सके। निर्माण के दौरान गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ।
क्षेत्रवासियों ने इस विकास कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि सड़क निर्माण समय पर पूरा होगा और भविष्य में भी क्षेत्र की अन्य आवश्यक सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य इसी तरह से प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा ।
