चमोली
कर्णप्रयाग की होनहार बेटी महक अंसारी ने एक बार फिर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। भारतीय संसद में अम्बेडकर जयंती के अवसर पर पहाड़ी वेशभूषा और गढ़वाली बोली में प्रभावशाली भाषण देकर सुर्खियों में आईं महक अंसारी को बिखौती कर्ण महोत्सव में सम्मानित किया गया। इस दौरान महक की मां संजिदा बेगम भी मौजूद थी।
नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर महोत्सव का माहौल गर्व और उत्साह से भर गया।
सम्मान के दौरान महक अंसारी ने भावुक होकर बिखौती कर्ण महोत्सव समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “मुझे अपनी मां, गुरुजनों और आप सभी के स्नेह व आशीर्वाद से भारतीय संसद में बोलने का अवसर मिला, जो कि मेरे लिए गर्व का क्षण है।”
चमोली जनपद के कर्णप्रयाग स्थित जीजीआईसी में कक्षा 12वीं की छात्रा महक ने बताया कि संसद में उन्हें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और सांसद अनिल बलूनी से मिलने का भी अवसर मिला, जो उनके जीवन का यादगार अनुभव रहा।
कार्यक्रम के दौरान कर्ण महोत्सव मंच पर लगी बड़ी स्क्रीन पर महक अंसारी का संसद में दिया गया भाषण भी प्रसारित किया गया, जिसे देख उपस्थित लोगों ने तालियों की से उनका स्वागत किया।
महक अंसारी की इस उपलब्धि ने न सिर्फ कर्णप्रयाग बल्कि पूरे उत्तराखंड को गौरवान्वित किया है और क्षेत्र की बेटियों के लिए एक नई प्रेरणा प्रस्तुत की है।
इस मौके पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी नरेंद्र सिंह रावत, सभासद संपूर्णानंद डिमरी, अवर अभियंता हरीश मैठाणी, बृजेश बिष्ट, चेतन मनोड़ी, केपी सती, पंकज सती सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
