चमोली
चारधाम यात्रा को सुगम , सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए चमोली पुलिस लगातार कार्य कर रही है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।

इसी क्रम में यातायात निरीक्षक योगेश सक्सेना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कमेड़ा से चमोली तक पूरे मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिन्हित लैंडस्लाइड जोन, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थलों पर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्डों का उद्देश्य यात्रियों और वाहन चालकों को संभावित खतरों के प्रति पहले से सचेत करना है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

पुलिस की यह पहल चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

चमोली पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा के दौरान पूरी सावधानी बरतें, जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और मार्ग में लगाए गए चेतावनी बोर्डों तथा पुलिस के निर्देशों का अनुपालन करें, जिससे यात्रा सुरक्षित और सफल बन सके।
