चमोली : कर्णप्रयाग को मिलेगी जाम से मुक्ति: कर्णप्रयाग और सिमली में ₹7.73 करोड़ की लागत से बनेंगी आधुनिक पार्किंग, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य : गणेश शाह

कर्णप्रयाग

कर्णप्रयाग नगरपालिका क्षेत्र के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक नया और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। लंबे समय से मुख्य बाजार में यातायात और जाम की समस्या से जूझ रहे स्थानीय निवासियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है। आवास विभाग की विस्तृत वित्तीय समिति (DFC) की हालिया बैठक में कर्णप्रयाग और सिमली में बहुप्रतीक्षित पार्किंग परियोजनाओं के वित्तीय एवं तकनीकी पहलुओं की समीक्षा की गई, जिसके बाद सचिव आवास आर. राजेश कुमार ने शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने इस उपलब्धि की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से नगर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

परियोजनाओं की मुख्य विशेषताएं:

कर्णप्रयाग पार्किंग परियोजना:₹3.74 करोड़ की अनुमानित लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना में 22 चारपहिया वाहनों के लिए आधुनिक पार्किंग सुविधा होगी। इसके साथ ही एक आधुनिक कॉमर्शियल हॉल का निर्माण भी किया जाएगा, जो स्थानीय व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा।
सिमली पार्किंग परियोजना: ₹3.99 करोड़ की अनुमानित लागत से निर्मित होने वाली इस पार्किंग में 30 वाहनों को एक साथ पार्क करने की क्षमता होगी।

व्यापार और पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार

नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने बताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से मुख्य बाजार में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत मिलेगी। सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े होने वाले वाहनों की समस्या समाप्त होगी, जिससे न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि चारधाम यात्रा के दौरान आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी। इससे स्थानीय व्यापार और पर्यटन दोनों को नई दिशा और गति मिलेगी।

गणेश शाह ने कहा, “कर्णप्रयाग को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और आदर्श नगरपालिका बनाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। हम नगर के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह से दृढ़ संकल्पित हैं।”

शासन व प्रशासन का जताया आभार

इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शहरी विकास मंत्री श्री राम सिंह केड़ा का कर्णप्रयाग की जनता की ओर से विशेष आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि शासन के इस सहयोग से कर्णप्रयाग जल्द ही प्रदेश की एक मॉडल नगरपालिका के रूप में उभरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *