चमोली
चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने में जुटी चमोली पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है। इसी क्रम में यातायात नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से हूटर और लाल-नीली फ्लैश लाइट लगाकर सड़क पर रौब झाड़ रहे एक वाहन चालक पर पुलिस ने कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार यातायात पुलिस चमोली के निरीक्षक योगेश सक्सेना ड्यूटी के दौरान यातायात व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक ऐसे वाहन पर पड़ी, जिसमें अवैध रूप से हूटर और लाल-नीली बत्ती लगाई गई थी। वाहन चालक खुद को वीआईपी दर्शाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस ने तुरंत वाहन को रोककर जांच की। जांच में हूटर और फ्लैश लाइट अवैध पाए जाने पर मौके पर ही उन्हें उतरवा दिया गया। साथ ही संबंधित चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई।
चमोली पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चारधाम यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क पर यातायात नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है और अवैध हूटर, लाल-नीली बत्ती या वीआईपी कल्चर दिखाने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा में प्रशासन का सहयोग करें।
