देहरादून जनपद के कोडियाला क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 को प्रातः लगभग 08:05 बजे चौकी व्यासी के माध्यम से SDRF टीम को सूचना प्राप्त हुई कि कोडियाला के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही SDRF की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि सरिया से लदा एक भारी ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, जिसमें एक कार जाकर जोरदार तरीके से टकरा गई। कार में चालक सहित कुल 8 लोग सवार थे, जिनमें 5 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल थे।
हादसे में धूमा देवी (55 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय दिलवर सिंह, की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद उनका शव कार में बुरी तरह फंस गया था। SDRF टीम ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और आरआर सॉ (कटिंग उपकरण) की मदद से वाहन को काटकर कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
रेस्क्यू के बाद शव को आवश्यक कार्रवाई हेतु सिविल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, अन्य सभी घायलों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रशासन द्वारा घटना की जांच की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
कोडियाला के पास भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई कार, एक महिला की मौत, SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
