टिहरी : जनपद टिहरी में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां घुत्तू के समीप एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 12 अप्रैल 2026 को प्रातः लगभग 04:40 बजे थाना घनसाली से SDRF को सूचना मिली कि घुत्तू के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही SDRF पोस्ट घनसाली से उप निरीक्षक गब्बर सिंह के नेतृत्व में टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचने पर SDRF टीम ने पाया कि पिकअप वाहन (UK 07 CD 0854) लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिरा हुआ था। वाहन में दो लोग सवार थे, साथ ही एक खच्चर भी वाहन में मौजूद था।
रेस्क्यू टीम ने कठिन परिस्थितियों में अभियान चलाते हुए घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घायल की पहचान पूरन सिंह (55 वर्ष), पुत्र रूप चंद्र सिंह, निवासी ग्राम साथियाला, पट्टी भिलंग, टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है।
वहीं, वाहन चालक बॉबी (28 वर्ष), पुत्र जगबीर लाल, निवासी खलासी पट्टी पालीगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई। इसके साथ ही खच्चर की भी घटनास्थल पर मृत्यु हो गई।
SDRF टीम ने मृतक के शव को खाई से बाहर निकालकर जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
टिहरी में दर्दनाक हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी पिकअप, चालक की मौत—SDRF ने घायल को बचाया
