देहरादून
उत्तराखंड ब्लॉक प्रमुख संगठन के एक शिष्टमंडल ने आज मुख्यमंत्री आवास पहुंचकर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कंडारी, प्रदेश उपाध्यक्ष किशन बोरा तथा प्रदेश महासचिव गणेश चंदौला के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने ग्रामीण विकास, जनप्रतिनिधियों के अधिकारों और ब्लॉक स्तर पर आ रही व्यावहारिक समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
सीएम धामी से हुई इस महत्त्वपूर्ण वार्ता के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने ब्लॉक प्रमुखों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के हितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर एक ज्ञापन भी सौंपा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संगठन की सभी बातों को गंभीरतापूर्वक सुना और आश्वस्त किया कि राज्य सरकार त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने संगठन की जायज मांगों पर शीघ्र ही सकारात्मक निर्णय लेने का पूर्ण आश्वासन दिया।
सीएम धामी से हुई मुलाकात में सहमति बनी कि अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में ब्लॉक प्रमुख संगठन का एक विशाल व भव्य सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस प्रांतीय सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश भर के सभी ब्लॉक प्रमुख विशेष रूप से उपस्थित रहकर ग्रामीण विकास के रोडमैप पर चर्चा करेंगे।
मुलाकात के बाद संगठन के प्रदेश महासचिव गणेश चंदौला ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा, “हमारा संगठन प्रदेश के सभी ब्लॉक प्रमुखों एवं जनप्रतिनिधियों के अधिकारों, मान-सम्मान और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम कर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ हुई वार्ता बेहद सकारात्मक रही है। संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के हितों की रक्षा तथा ग्रामीण इलाकों के विकास के लिए हमारी यह लड़ाई और प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कंडारी और उपाध्यक्ष किशन बोरा ने भी मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन के लिए उनका आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही शासन स्तर से ब्लॉक प्रमुखों के हित में बड़े फैसले देखने को मिलेंगे।
