चमोली : चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए जनपद प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पँवार ने शनिवार को श्री बदरीनाथ धाम से सोनला तक यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर यातायात प्रबंधन, सुरक्षा इंतजामों और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने मौके पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रहे।

इसी बीच निरीक्षण के दौरान कुहेड़ के पास एक कार दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही डीएम और एसपी तत्काल मौके पर पहुंचे और खुद राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली। अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को मौके पर बुलवाया और घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाकर नजदीकी अस्पताल भिजवाया।

मौके पर मौजूद पुलिस बल को दुर्घटनाग्रस्त वाहन को शीघ्र हटाने और यातायात बहाल करने के निर्देश दिए गए, जिससे संभावित जाम की स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल घायलों को समय पर उपचार मिल सका, बल्कि यात्रा मार्ग पर यातायात भी सुचारु बना रहा।

चारधाम यात्रा के दौरान चमोली प्रशासन का यह मानवीय और सक्रिय चेहरा साफ दर्शाता है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
