चमोली जिले के गोपेश्वर में जिला प्रशासन की तत्परता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक गंभीर रूप से बीमार युवक को हेली एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार गोपेश्वर निवासी ऋषभ की मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार और जरूरी जांच के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए तत्काल हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी। मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन विभाग सक्रिय हुआ। आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी के समन्वय से तत्काल हेली एंबुलेंस की व्यवस्था की गई, जिसके जरिए युवक को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली। वर्तमान में युवक का उपचार एम्स ऋषिकेश में चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है।
जिला प्रशासन की तत्परता से बची जिंदगी, हेली एंबुलेंस से मिला समय पर इलाज
