हेमकुंड साहिब यात्रा से पहले चमोली पुलिस अलर्ट, सेना संग किया पैदल मार्ग का निरीक्षण

चमोली
विश्व प्रसिद्ध श्री हेमकुंड साहिब की  यात्रा आगामी 23 मई से शुरू होने जा रही है। यात्रा को लेकर चमोली पुलिस, भारतीय सेना और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को गोविन्दघाट से श्री हेमकुंड साहिब तक पूरे यात्रा मार्ग का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया गया।


निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले पुलना गांव पहुंचकर पार्किंग व्यवस्थाओं और यातायात संचालन का जायजा लिया। पुलना तक वाहनों की आवाजाही होती है, ऐसे में यात्रा सीजन में यहां भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर चर्चा की गई।


इसके बाद टीम ने यात्रा मार्ग पर स्थित भ्यूंडार और घांघरिया पुलिस चौकियों का निरीक्षण किया। शीतकाल के दौरान बंद रहने वाली इन चौकियों को यात्रा शुरू होने से पहले पुनः संचालित करने के लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा, संचार व्यवस्था और आपातकालीन सुविधाओं को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


इसी मार्ग से विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी जाने का रास्ता भी गुजरता है, जहां पर्यटन सीजन में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन ने संभावित भीड़ और पर्यटन गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं का पूर्व आकलन किया।
वर्तमान में अटलाकोटी से श्री हेमकुंड साहिब तक का मार्ग भारी बर्फ से ढका हुआ है। भारतीय सेना के जवान लगातार बर्फ हटाकर रास्ता खोलने में जुटे हुए हैं। पुलिस, सेना और गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों ने संयुक्त रूप से बर्फ हटाते हुए श्री हेमकुंड साहिब तक पहुंचकर दरबार साहिब परिसर में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
एसपी चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में चमोली पुलिस यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। दुर्गम परिस्थितियों और ऊंचाई वाले इलाकों में भी प्रशासन और सेना के बेहतर समन्वय से यात्रा तैयारियों को युद्धस्तर पर पूरा किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान गोविन्दघाट गुरुद्वारे के मुख्य प्रबंधक सरदार सेवा सिंह, प्रभारी निरीक्षक गोविन्दघाट चित्रगुप्त, उपनिरीक्षक अमनदीप सिंह सहित भारतीय सेना के जवान मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *