देहरादून
कर्णप्रयाग नगर पालिका के बहुगुणा नगर आपदा प्रभावित लोगों के एक शिष्टमंडल ने कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल के नेतृत्व में देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की , कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल के नेतृत्व में सीएम से प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने तथा विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से महत्वपूर्ण भेंट कर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान बहुगुणा नगर, कर्णप्रयाग के आपदा प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध दिलाये जाने के विषय पर सकारात्मक एवं सार्थक वार्ता हुई। मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र में आपदा से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। इस दौरान प्रभावित परिवारों को राहत राशि एवं मुआवजा वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया गया, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों एवं मुख्यमंत्री द्वारा पूर्व में की गई घोषणाओं के शीघ्र और प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों और लंबित योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग रखी गई।
इसके अतिरिक्त बेस चिकित्सालय सिमली को विधिवत रूप से संचालित किए जाने के विषय में भी मुख्यमंत्री से चर्चा हुई। विधायक अनिल नौटियाल ने बताया कि बेस अस्पताल सिमली के संचालन को लेकर शासन स्तर पर आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण होने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। शीघ्र ही बेस चिकित्सालय सिमली के नियमित संचालन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी विषयों पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने की बात कही। इस मुलाकात को क्षेत्र के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण तथा आपदा प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर सभाषद कमला रतूड़ी, मनवर रावत, पूर्व सभाषद हरेन्द्र बिष्ट, राखी रावत आदि मौजूद थे।
कर्णप्रयाग : बहुगुणा नगर आपदा प्रभावितों ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की मुलाकात, पीड़ित परिवारों की मदद के लिए सीएम ने दिया भरोषा
