चमोली
श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल 2026 को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाने के बाद से यात्रा में लगातार भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कपाट खुलने के एक माह के भीतर ही भगवान बदरीविशाल के दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या 5,56,437 पहुंच गई है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी यात्रा बुलेटिन के अनुसार बीते 24 घंटों में 32,219 श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम में दर्शन किए। इनमें 19,071 पुरुष, 12,677 महिलाएं एवं 471 बच्चे शामिल रहे। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की जानकारी एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा करें तथा पंजीकरण एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों का विशेष ध्यान रखें।उन्होंने बताया जिला प्रशासन द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
