तमक नाले में ‘झील’ की खबरों पर प्रशासन का स्पष्टीकरण, कोई बड़ा खतरा नहीं: डीएम

जनपद चमोली के ज्योतिर्मठ से लगभग 40 किलोमीटर आगे सीमांत नीति घाटी के तमक नाले के पास धौली गंगा नदी में झील बनने संबंधी खबरों पर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट की है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि वर्तमान में किसी बड़े खतरे की स्थिति नहीं है और प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
डीएम ने बताया कि बीते वर्ष भी इसी स्थान पर पानी के रुकने से अस्थायी रूप से प्राकृतिक बाँध बन गया था, जिससे झील का निर्माण हुआ था। उस समय सिंचाई विभाग ने समय रहते हस्तक्षेप कर उसे तोड़ दिया था। वर्तमान में नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण हल्के स्तर पर जलभराव की स्थिति बनी है, जिससे झील जैसी आकृति दिखाई दे रही है, लेकिन इसमें लगातार पानी का रिसाव भी हो रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि संबंधित स्थल पर जमा खनन अपशिष्ट को हटाने के लिए खनन विभाग द्वारा पट्टा जारी किया जा चुका है। ठेकेदार द्वारा सोमवार से अपशिष्ट हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा, जिसके बाद नदी का बहाव फिर से सामान्य हो जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन, सिंचाई विभाग, खनन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां मौके पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *