चमोली : कर्णप्रयाग में बंदरों के आतंक पर नगर पालिका का ‘स्ट्राइक’: आईटीआई वार्ड से बन्दर पकड़ो अभियान का आगाज, पहले ही दिन 19 बंदर पकड़े

कर्णप्रयाग
नगर क्षेत्र में लंबे समय से बंदरों के आतंक से परेशान  कर्णप्रयाग वासियों के लिए राहत भरी खबर है। बंदरों के बढ़ते आतंक से मुक्ति दिलाने के लिए नगर पालिका परिषद कर्णप्रयाग ने कमर कस ली है। पालिकाध्यक्ष गणेश शाह के निर्देश पर आज से पूरे नगर क्षेत्र में एक व्यापक ‘बंदर पकड़ो अभियान’ की शुरुआत हो गयी है।  इस अभियान के पहले ही दिन आईटीआई वार्ड से कार्रवाई शुरू करते हुए टीम ने 19 खूंखार बंदरों को पिंजरे में कैद किया।


पकड़े गए इन सभी बंदरों को पूरी सुरक्षा और नियमों के तहत पालिका के कमर्चारियों द्वारा हरिद्वार स्थित चिड़ियापुर रेस्क्यू सेंटर भेजा जाएगा।

मामले की जानकारी देते हुए नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने बताया कि नगरवासियों की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पालिका की पिछली बोर्ड बैठक में बंदरों को पकड़े जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था। उसी फैसले पर अमल करते हुए आज से यह चरणबद्ध अभियान धरातल पर उतार दिया गया है।


गणेश शाह ने साफ किया कि यह कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि एक महीने तक चलने वाला सघन अभियान है। इसकी कमान और मॉनिटरिंग वे खुद संभाल रहे हैं। आईटीआई वार्ड से शुरू हुआ यह अभियान आने वाले दिनों में नगर पालिका के सभी वार्डों में बारी-बारी से चलाया जाएगा, ताकि शहर के हर हिस्से को बंदरों के खौफ से मुक्त कराया जा सके।
आए दिन छतों, गलियों और बाजारों में बंदरों के हमले से परेशान चल रहे स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका की इस ठोस और त्वरित कार्रवाई का खुलकर स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि पालिका की इस पहल से निश्चित रूप से कर्णप्रयाग की जनता को भयमुक्त माहौल मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *