चमोली: रामलाल की संदिग्ध मौत का मामला, निष्पक्ष जांच न होने पर जन आंदोलन की चेतावनी

चमोली
नारायणबगड़ ब्लॉक के कोठली गांव निवासी रामलाल की संदिग्ध मौत के मामले में परिजनों और भाकपा माले के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी ने पुलिस अधीक्षक चमोली से मुलाकात कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।

पुलिस अधीक्षक चमोली सर्वेश पंवार से प्रतिनिधिमंडल ने दिए ज्ञापन में बताया कि फरवरी 2026 में धराली थाना क्षेत्र के कोठली गांव निवासी रामलाल गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे, जिनकी बाद में मृत्यु हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटनास्थल की परिस्थितियां सामान्य दुर्घटना की ओर इशारा नहीं करतीं, बल्कि उन पर जानलेवा हमला किए जाने की आशंका को मजबूत करती हैं।

परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी तहरीर में संदिग्ध आरोपियों के नाम भी दिए थे, लेकिन पुलिस ने मामला अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज किया। उनका आरोप है कि छह महीने बीत जाने के बावजूद जांच में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।
ज्ञापन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक से मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच कर दोषियों के खिलाफ शीघ्र वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही यदि जांच में तथ्य सामने आते हैं तो अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की संबंधित धाराएं भी लागू की जाएं।

प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं होती है तो वे जन आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *