कर्णप्रयाग
चमोली जनपद के कर्णप्रयाग में बद्रीनाथ हाइवे पर हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान चार निहंग यात्रियों ने कथित रूप से धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें चार स्थानीय लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से तीन आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी उपचाराधीन होने के कारण पुलिस अभिरक्षा में है।
एसपी चमोली सुरजीत पंवार ने बताया कि मंगलवार को कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप यह घटना हुई है। जिसमे हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि चार निहंग यात्रियों ने तलवारों से हमला कर दिया। हमले में एक व्यापारी समेत बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय लोग घायल हो गए।
घटना के संबंध में पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल क्षेत्र में नाकाबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल चौथे आरोपी को बुधवार को कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक तलवार भी बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार तलवारें तथा दो मोटरसाइकिलें (PB-65BK-3889 और PB-65BE-4296) बरामद की हैं, जिनका उपयोग घटना के दौरान किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसनप्रीत सिंह (23), अजय सिंह (23), सतविंदर सिंह (21) और मनप्रीत सिंह (21) निवासी मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है। चारों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन आरोपियों को जिला कारागार भेज दिया गया, जबकि उपचाराधीन आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आईटीबीपी और पीएसी की एक-एक कंपनी तैनात की गई है। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा स्वयं क्षेत्र में कैंप कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। साथ ही पुलिस द्वारा लगातार पैदल गश्त और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अराजक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
इसी बीच, ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान में कोतवाली चमोली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार करने और वाहन में हॉकी स्टिक रखने के मामले में तीन व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई भी की है। पुलिस ने उन्हें भविष्य में शांति व्यवस्था भंग न करने की सख्त चेतावनी दी है।
कर्णप्रयाग में बीच बाजार में हुई तलवारबाजी की घटना को लेकर कर्णप्रयाग ब्यापार मंडल के अध्यक्ष बीरेंद्र मिंगवाल ने कहा कि यात्रा पर आने वाले सिक्खों के हथियार ऋषिकेश में जमा होने के बाद ही उन्हें यात्रा की अनुमित दी जानी चाहिए ।
