मुख्यमंत्री से मिले नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, कर्णप्रयाग भू-धंसाव और भूस्खलन की समस्या को लेकर सीएम को दिया पत्र

कर्णप्रयाग

नगर पालिका अध्यक्ष कर्णप्रयाग गणेश शाह ने आज प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून में शिष्टाचार भेंट कर कर्णप्रयाग क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर पत्र दिया। गणेश शाह ने पत्र के माध्यम से बहुगुणा नगर सहित कर्णप्रयाग नगर क्षेत्र के भू-धंसाव से प्रभावित और आंदोलनरत परिवारों की समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तार से रखा।
गणेश शाह ने मुख्यमंत्री को बताया कि कर्णप्रयाग क्षेत्र में भू-धंसाव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, जिससे कई परिवार प्रभावित हैं और लंबे समय से पुनर्वास एवं मुआवजे की मांग कर रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए जिलाधिकारी चमोली को प्रभावित परिवारों के साथ पुनः समन्वय स्थापित करने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
गणेश शाह ने बताया कि जल्द ही कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल के नेतृत्व में प्रभावित परिवारों और प्रशासन के बीच एक समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
इसके अलावा नगर पालिका अध्यक्ष ने अपर बाजार वार्ड स्थित मस्जिद के नीचे, सुभाषनगर , व ईडा बधाणी में लगातार हो रहे भूस्खलन का मामला भी मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया। उन्होंने भूस्खलन रोकने के लिए आवश्यक ट्रीटमेंट कार्य कराने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने इस मामले में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने कहा कि कर्णप्रयाग की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं और क्षेत्रहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *