“स्वच्छ धाम… सुरक्षित धाम” : बद्रीनाथ धाम में पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ का मेगा सफाई अभियान ,श्रद्धालुओं से की धाम को साफ व स्वच्छ रखने की अपील

चमोली
श्री बद्रीनाथ धाम में चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के बीच शुक्रवार को पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के जवानों द्वारा संयुक्त रूप से विशेष सफाई अभियान चलाया गया। “स्वच्छ धाम… सुरक्षित धाम” के संकल्प के साथ चलाए गए इस अभियान में मंदिर परिसर, तप्त कुंड, अलकनंदा नदी किनारे और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई की गई।

सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले जवान इस दौरान सफाई मित्र की भूमिका में नजर आए। हाथों में झाड़ू और सफाई उपकरण लेकर जवानों ने धाम में फैले प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा और अन्य अपशिष्ट सामग्री को एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण किया।


अभियान के दौरान जवानों ने श्रद्धालुओं को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि वे धाम की पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करें और कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें।

तप्त कुंड क्षेत्र और अलकनंदा नदी किनारे चलाए गए विशेष सफाई अभियान ने श्रद्धालुओं का भी ध्यान आकर्षित किया। जवानों की इस पहल की स्थानीय लोगों और यात्रियों ने सराहना की।
चारधाम यात्रा के बीच बद्रीनाथ धाम से सामने आई ये तस्वीरें साफ संदेश दे रही हैं कि आस्था के साथ स्वच्छता भी उतनी ही जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *