कर्णप्रयाग कोतवाली का एसपी ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश

चमोली

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने मंगलवार को  कर्णप्रयाग कोतवाली और बाजार चौकी का ओचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर और चौकी की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान एसपी ने कोतवाली एवं चौकी के भवन, बैरक, भोजनालय, आवासीय परिसर और शौचालयों का बारीकी से जायजा लिया। जहां-जहां दीवारों और छतों में टूट-फूट पाई गई, वहां तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए।


बरसात के मद्देनजर उन्होंने उन कमरों और कार्यालयों को प्राथमिकता से ठीक कराने को कहा, जहां शीलन की समस्या सामने आ रही है, ताकि पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और महत्वपूर्ण अभिलेखों पर कोई असर न पड़े।


इसके अलावा कार्यालयों में उपयोग हो रहे पुराने फर्नीचर जैसे कुर्सी और टेबल की मरम्मत कराने तथा अत्यधिक जर्जर सामान को बदलने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
एसपी सुरजीत सिंह पँवार ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिसकर्मियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि “सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में ही पुलिस बल बेहतर तरीके से जनसेवा कर सकता है।”


निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल, प्रतिसार निरीक्षक आनन्द सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय नेगी, उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसांई, उपनिरीक्षक प्रमोद खुगशाल, महिला उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *