चमोली : देहरादून स्थित पुलिस महानिरीक्षक, अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तराखंड एवं पुलिस अधीक्षक चमोली के निर्देशों पर सोमवार को आगामी चारधाम यात्रा एवं फायर सीजन को दृष्टिगत रखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश सिंह बिष्ट द्वारा ज्योतिर्मठ क्षेत्र के विभिन्न होटलों का सघन फायर ऑडिट एवं फायर रिस्क निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कई होटलों में अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की समुचित व्यवस्था नहीं पाई गई, जिस पर संबंधित होटल स्वामियों एवं प्रबंधकों को तत्काल सुरक्षा मानकों को पूर्ण करने हेतु नोटिस जारी किए गए।
विशेष रूप से कुछ होटलों में होजरील में प्रेशर युक्त पंप का अभाव पाया गया, जिस पर निर्देश दिए गए कि आगामी यात्रा सीजन से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से दुरुस्त की जाएं।
इसके साथ ही होटल संचालकों को स्टोर रूम में विशेष सतर्कता बरतने, विद्युत पैनलों की नियमित जांच करने तथा समस्त वायरिंग को पूरी तरह इंसुलेटेड रखने के सख्त निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
