चमोली : दुग्ध संघ चमोली को नई दिशा और ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीदों के बीच उत्तराखंड सरकार द्वारा नामित प्रशासक धन सिंह नेगी ने शनिवार को अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है। सिमली स्थित दुग्ध संघ परिसर में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य विकास अधिकारी चमोली दीपक रामचंद्र शेट ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। धन सिंह नेगी ने कहा दुग्ध संघ की समस्याओं व आर्थिकी को बढ़ाने के लिए रातदिन कार्य करूँगा । इस दौरान दुग्ध संघ के प्रबंधक प्रदीप ध्यानी को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सीडीओ द्वारा सम्मानित किया ।

शपथ ग्रहण के बाद नवनियुक्त प्रशासक धन सिंह नेगी ने पदभार ग्रहण किया । उत्तराखंड सरकार का आभार जताते हुए कहा कि सरकार ने उन्हें जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से किया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि दुग्ध संघ की समस्याओं का समाधान हो और संस्था को आर्थिक एवं व्यावसायिक रूप से मजबूत बनाया जाए। इसके लिए शासन स्तर पर भी प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

किसानों को 45 रुपये प्रति लीटर दूध मूल्य दिलाना प्राथमिकता
दुग्ध संघ सिमली चमोली के प्रशासक धन सिंह नेगी ने दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि वर्तमान में काश्तकारों को दूध का जो मूल्य मिल रहा है, वह पर्याप्त नहीं है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए दूध का मूल्य कम से कम 45 रुपये प्रति लीटर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक दुग्ध उत्पादकों को उनके दूध का उचित मूल्य नहीं मिलेगा, तब तक पशुपालन को आजीविका के मजबूत साधन के रूप में विकसित करना मुश्किल होगा।
उन्होंने दूध की गुणवत्ता के मानकों में स्थिरता और व्यावहारिक सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया। वर्तमान में 6.5 फैट और 9 एसएनएफ के मानकों को लेकर पुनर्विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने 5 प्रतिशत फैट और 6.5 प्रतिशत एसएनएफ के मानकों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिशा में उचित व्यवस्था बनने से किसानों को दूध का बेहतर मूल्य दिलाने में मदद मिल सकती है।

बद्री गाय के घी को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की तैयारी
धन सिंह नेगी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान मानी जाने वाली बद्री गाय के घी की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी मांग है। इसमें स्थानीय किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं। इसके बावजूद बद्री गाय पालने वाले काश्तकारों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। इसका असर बद्री घी के उत्पादन और उससे जुड़े प्लांट की आर्थिक स्थिति पर भी पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बद्री गाय के घी के उत्पादन, गुणवत्ता और विपणन को बड़े स्तर पर विकसित करने की जरूरत है। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा, ताकि स्थानीय उत्पाद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर पहचान मिल सके और पशुपालकों को इसका सीधा लाभ पहुंचे।
किसान भवन की मांग, कर्मचारियों के नियमितीकरण का मुद्दा भी उठाया
प्रशासक ने दुग्ध संघ की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से किसान और दुग्ध उत्पादक लगातार सिमली दुग्ध संघ आते रहते हैं। ऐसे में यहां किसान भवन का निर्माण बेहद जरूरी है, जिससे दूरदराज से आने वाले किसानों को ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि दुग्ध संघ में तीन कर्मचारी ऐसे हैं, जो करीब 20 वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इन कर्मचारियों का नियमितीकरण किया जाना आवश्यक है। इसके साथ ही उन्होंने संस्था को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए जिला योजना से भी बजट उपलब्ध कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पहले जिस तरह राज्य सेक्टर से संस्था को आर्थिक सहायता मिलती थी, उसी तरह जिला योजना से भी धनराशि उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि दुग्ध संघ की गतिविधियों का विस्तार हो सके।
जल्द होगी विभागीय कर्मचारियों की समीक्षा बैठक
धन सिंह नेगी ने कहा कि दुग्ध संघ की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने और लंबित समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही विभागीय कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें संस्था की वर्तमान स्थिति, कर्मचारियों की समस्याओं, दुग्ध उत्पादकों को मिलने वाले मूल्य और उत्पादन बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
83 दुग्ध समितियों का होगा विस्तार, बद्री घी के उत्पादन में सहयोग करेगा जिला प्रशासन
कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी दीपक रामचंद्र शेट ने दुग्ध संघ सिमली के प्लांट का निरीक्षण भी किया। उन्होंने दुग्ध संघ की गतिविधियों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सीडीओ ने कहा कि वर्तमान में दुग्ध संघ से 83 समितियां जुड़ी हुई हैं। इन समितियों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रयास किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक किसानों और पशुपालकों को दुग्ध व्यवसाय से जोड़ा जा सके।
उन्होंने बद्री गाय के घी के उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि जिला प्रशासन इस दिशा में दुग्ध संघ को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। इसका उद्देश्य बद्री गाय के घी के उत्पादन को बढ़ाना, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना और इससे जुड़े सभी लोगों को आर्थिक लाभ पहुंचाना है।
किसानों की आय और पहाड़ की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती
दुग्ध संघ चमोली के प्रशासक के रूप में धन सिंह नेगी के सामने किसानों को उचित दूध मूल्य दिलाने, दुग्ध समितियों का विस्तार करने, बद्री गाय के घी को बाजार उपलब्ध कराने और संस्था की आर्थिक स्थिति सुधारने जैसी कई महत्वपूर्ण चुनौतियां हैं। वहीं, जिला प्रशासन की ओर से सहयोग का भरोसा मिलने के बाद दुग्ध संघ के विकास को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं। शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अरुण मैठाणी ने किया, इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य विक्रम कठैत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बीरेन्द्र सिंह नेगी, भाजपा नेता टीका प्रसाद मैखुरी, मंडल अध्यक्ष बृजेश बिष्ट, प्रीतम नेगी, गम्भीर मियां, व संस्था के कर्मचारी मौजूद थे ।
