कोटद्वार में विकास की रफ्तार तेज: विधानसभा अध्यक्ष खण्डूडी ने शिवराजपुर में नई सड़क का किया उद्घाटन

कोटद्वार : उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने वार्ड संख्या 32 शिवराजपुर में नव निर्मित इंटरलॉकिंग सड़क का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया । अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कुछ माह पूर्व जब वे इस क्षेत्र के दौरे पर आई थीं, तब सड़क की स्थिति बेहद खराब थी। खासतौर पर बरसात के दौरान कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए आवागमन बेहद कठिन हो जाता था।
स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया, जिसके बाद इस सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराया गया।
उन्होंने बताया कि लगभग 700 मीटर लंबी यह इंटरलॉकिंग सड़क, मोटाढांग मुख्य मार्ग से मनोज पांथरी के घर तक बनाई गई है। इस सड़क के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम हुआ है, बल्कि क्षेत्र की स्वच्छता और सौंदर्य में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कोटद्वार विधानसभा के हर वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। सड़क, पेयजल, बिजली और स्वच्छता जैसी सेवाओं को बेहतर बनाना उनका मुख्य लक्ष्य है। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हों। उन्होंने यह भी कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसके बल पर वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष हरि सिंह पुंडीर, पार्षद दीपक पाठक, पार्षद सतीश गौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *